एलपीजी आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग से बचें, प्रशासन
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। जनपद में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों पर गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही भ्रामक सूचनाओं के बाद जनपद की गैस एजेंसियों से उपलब्ध स्टॉक, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को हो रही आपूर्ति की जानकारी ली गई। जांच में पाया गया कि जनपद में घरेलू गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और गैस की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार गैस उपभोक्ताओं को नियमानुसार 25 दिन बाद ही रिफिल उपलब्ध कराया जाता है। इसलिए उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे पैनिक बुकिंग से बचें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 (टोल फ्री) तथा 7718955555 जारी किए गए हैं, जिन पर गैस बुकिंग और शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा इंडियन ऑयल के लिए 9557947140, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के लिए 8655436284 और भारत पेट्रोलियम के लिए 8894334950 नंबर भी जारी किए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि गैस आपूर्ति से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक बुलेटिन, जिला सूचना अधिकारी या संबंधित गैस कंपनियों के अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि आपूर्ति विभाग गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखे हुए है।









