नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा वार, स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
जावेद अंसारी उत्तराखंड प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
पिरान कलियर। नशामुक्त देवभूमि-2025 अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक महिला को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 5.92 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पिरान कलियर पुलिस टीम क्षेत्र में सत्यापन और गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम जब रहमतपुर नई कॉलोनी में पानी की टंकी के पास पहुंची तो एक महिला पुलिस को देखकर घबरा गई और वहां से जाने की कोशिश करने लगी। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने अपना नाम शबाना उर्फ शबनम पत्नी सैय्याद (35 वर्ष), निवासी रहमतपुर नई कॉलोनी पिरान कलियर बताया। तलाशी के दौरान महिला के पास से एक पर्स में रखी 5.92 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी की पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर धारा 105 बीएनएसएस के तहत ई-साक्ष्य ऐप में दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मु0अ0सं0 52/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके पास से 2920 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्ता को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना पिरान कलियर के थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।









