हरिद्वार

बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि, यातायात पुलिस ने बस चालकों और अटेंडेंट को दिया विशेष प्रशिक्षण

चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए हरिद्वार यातायात पुलिस ने दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान स्कूल बस चालकों और अटेंडेंट को बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी देते हुए उन्हें प्रशिक्षण दिया गया।

Oplus_16908288
कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण और पुलिस उपाधीक्षक यातायात के निर्देशन में आयोजित किया गया। वहीं यातायात निरीक्षक संदीप सैनी और उनकी टीम ने बस चालकों को गति सीमा का पालन करने, ओवरटेकिंग से बचने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के लिए जागरूक किया।

अभियान के दौरान बच्चों को बस में चढ़ाने और उतारने के समय विशेष सावधानी बरतने, बस के पूरी तरह रुकने के बाद ही दरवाजा खोलने तथा सुरक्षित घेरा बनाकर बच्चों को उतारने के निर्देश दिए गए। अटेंडेंट को भी हर बच्चे को सुरक्षित रूप से स्कूल परिसर अथवा घर के गेट तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा गया।

Oplus_16908288
इस मौके पर स्कूल बसों में लगे अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड किट और इमरजेंसी एग्जिट की भी जांच की गई। साथ ही बसों में लगे जीपीएस सिस्टम, रिवर्स हॉर्न और स्पीड गवर्नर की कार्यक्षमता को भी परखा गया, ताकि बच्चों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

वहीं यातायात निरीक्षक संदीप सैनी ने कहा कि स्कूल बस चालक केवल वाहन चलाने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि सैकड़ों परिवारों की उम्मीदों और बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उसके कंधों पर होती है। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है।

Oplus_16908288
यातायात पुलिस ने स्कूल प्रशासन से भी अपील की कि स्कूल के बाहर सूचनात्मक बोर्ड और पार्किंग बोर्ड लगाए जाएं तथा परिसर में बच्चों को यातायात संकेतों की जानकारी देने के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं। पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button