हरिद्वार

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की सख्त, 35 वाहनों की जांच, 15 के चालान और दो बसें सीज

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सख्ती दिखाते हुए सिडकुल और बीएचईएल क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्कूली बसों सहित बच्चों को लाने-ले जाने वाले 35 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं होने पर दो बसों को सीज कर दिया गया। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में यह अभियान संचालित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर, एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा एवं परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी की मौजूदगी में वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान सीज की गई दोनों बसों में सवार बच्चों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। बच्चों को सुरक्षित तरीके से अन्य बसों में स्थानांतरित कर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। अभियान के दौरान वाहन चालकों एवं संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि स्कूली बच्चों के परिवहन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। साथ ही वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखें। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी चेकिंग एवं कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button