हरिद्वार

स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह का आयोजन 19 व 20 दिसम्बर को

अक्षय कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अक्षय कुमार) हरिद्वार। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं गुरुकुलीय शिक्षा के प्रबल समर्थक महात्मा स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान की शताब्दी के उपलक्ष्य में 19-20 दिसम्बर को गुरुकुल कांगड़ी में दो दिवसीय समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए स्वामी आर्यवेश की अध्यक्षता में आयोजित आर्य समाज कार्यकर्ताओं की बैठक में स्वामी श्रद्धानंद को भारत रत्न देने की मांग केंद्र सरकार के सामने उठाने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि गुरूकुलीय शिक्षा के प्रबल समर्थक महान स्वतंत्रता सेनानी स्वामी श्रद्धानंद का आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। गुरूकुलों को अन्य सरकारी संस्थानों की भांति सुविधाओं के साथ मजबूत किया जाए। उन्होंने बताया कि स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान दिवस की शताब्दी पर आयोजित किए जा रहे समारोह में केंद्र एवं प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे। स्वामी आर्यवेश ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने लार्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति का सशक्त विकल्प प्रस्तुत करते हुए गुरुकुलीय शिक्षा के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण और चरित्र निर्माण का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्ति को भारत रत्न देकर सम्मान बढ़ाना चाहिए। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि स्वामी यतिश्वरानंद के संयोजन में आयोजित समारोह की अध्यक्षता योगगुरु स्वामी रामदेव करेंगे। समारोह में आर्य समाज के संन्यासी, विद्वान, गुरुकुलों के आचार्य, भजनोंपदेशक, युवा संगठनकर्ता, केंद्र एवं प्रदेश सरकार के मंत्रियों सहित देश के सभी प्रांतों से हजारों आर्यजन शामिल होंगे। सार्वदेशिक आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी आदित्यवेश ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद का बलिदान भारत के इतिहास में सदैव अमर रहेगा। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, शिक्षा, सामाजिक सुधार और वैदिक संस्कृति के लिए समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। बैठक में आचार्य धनंजय, शत्रुघ्न मौर्य, मानपाल सिंह राठी, हाकम सिंह आर्य, तेलूराम आर्य, स्वामी मेधानंद, महात्मा कृष्ण मुनि, आचार्य सविता, स्वामी सुरेंद्रानंद, स्वामी विरक्तदेव, कामेंद्र आर्य, ओमप्रकाश मलिक, दिनेश आर्य, धर्मेंद्र आर्य, अवनीश आर्य और दीपक आर्य सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने विचार रखे।

Related Articles

Back to top button