हरिद्वार

250 होमगार्ड जवानों की तैनाती, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ अतिक्रमण हटाने पर रहेगा विशेष फोकस

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर कुंभ मेला पुलिस ने अभी से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए कुंभ मेला पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। आईजी कुंभ वाई.एस. रावत के निर्देश पर एएसपी कुंभ जोधराम जोशी ने शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में तैनाती के लिए आवंटित 250 होमगार्ड जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए उनकी जिम्मेदारियां और प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। ब्रीफिंग के दौरान एएसपी कुंभ ने निर्देश दिए कि सभी जवान अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ तैनात रहें। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उच्चाधिकारियों के आदेशों का पालन करते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखें। साथ ही कुंभ क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई में सहयोग करें। उन्होंने जवानों को यह भी निर्देशित किया कि रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बाधित न हो और आमजन एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी जवान अपनी ड्यूटी को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएं। कुंभ मेला पुलिस की इस पहल से स्पष्ट है कि आगामी कुंभ मेले को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए तैयारियां समय रहते शुरू की जा रही हैं। अब रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए 250 होमगार्ड जवान सहयोग करते नजर आएंगे।

Related Articles

Back to top button