देहरादून

धामी कैबनेट मे 27 प्रस्तावों पर लगी मुहर, बजट संशोधन के लिए सीएम को अधिकार

राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 27 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1.11 लाख करोड़ रुपये के बजट प्रस्ताव पर कैबिनेट ने सहमति जता दी।
पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बार बजट में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। माना जा रहा है कि यह बजट राज्य के विकास कार्यों, आधारभूत संरचना, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को नई गति देगा। मंत्रिमंडल ने बजट में आवश्यक संशोधन करने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत भी कर दिया है। बैठक में यूआईआईडीबी के ढांचे में 14 नए पद सृजित करने को मंजूरी दी गई। साथ ही सहायक महाप्रबंधक (लेखा/लेखाकार) के पदनाम में परिवर्तन और ऑफिस बॉय के मानदेय संशोधन पर भी सहमति बनी। उच्च शिक्षा क्षेत्र को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शोध प्रोत्साहन योजना के तहत 21 अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों को योजना में शामिल करने का निर्णय लिया गया। स्वामी विवेकानंद उत्तराखंड पुस्तकालय योजना को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिली। वन विभाग से संबंधित सर्वेक्षक सेवा नियमावली 2010 में संशोधन को हरी झंडी दी गई। वहीं शहरी विकास विभाग के अंतर्गत प्रदेश के सभी 11 नगर निगमों में पर्यावरण अभियंताओं के पद सृजित करने का निर्णय लिया गया है, जिन पर संविदा के आधार पर भर्ती होगी। इसके अतिरिक्त सेब की अत्याधुनिक नर्सरी विकास योजना 2026 और मौन पालन नीति 2026 को भी मंजूरी दी गई। कैबिनेट के इन निर्णयों को राज्य के समग्र विकास और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button