हरिद्वार

विशेष चेकिंग अभियान में 312 चालान, 51 वाहन सीज

परिवहन विभाग का लगातार चेकिंग अभियान जारी, वाहन चालकों में मचा हड़कंप

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 24 और 25 फरवरी को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून डॉ. अनीता चमोला के निर्देशानुसार तथा एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिद्वार श्रीमती नेहा झा के नेतृत्व में संचालित किया गया। दो दिनों तक चले सघन अभियान में कुल 312 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर उल्लंघनों के चलते 51 वाहनों को सीज कर दिया गया। विभागीय टीमों ने विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की जांच कर दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों का सत्यापन किया। वहीं एआरटीओ निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान 50 से अधिक स्कूल वाहनों की विशेष जांच भी की गई। इस दौरान सुरक्षा मानकों, कर अदायगी, परमिट, प्राथमिक उपचार किट एवं अग्निशामक यंत्र की उपलब्धता की जांच की गई। उन्होंने बताया कि चेकिंग में बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के 51 मामले, बिना कर जमा किए वाहन संचालन के 52 मामले तथा बिना परमिट के 28 मामले सामने आए। 22 वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स नहीं मिला, जबकि 15 में अग्निशामक यंत्र का अभाव पाया गया। यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के 8 और अन्य ओवरलोडिंग के 15 मामले दर्ज किए गए। दो मामलों में अवयस्क वाहन चलाते पाए गए, जबकि एक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है और स्पष्ट किया है कि आगे भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button