
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में माह जून का जनपद स्तरीय सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में एसपी क्राइम/यातायात निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद सुयाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न थाना, शाखाओं और कार्यालयों से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अपनी समस्याएं एसएसपी के समक्ष रखीं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। सम्मेलन के दूसरे चरण में एसएसपी नवनीत सिंह ने जून माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 33 पुलिसकर्मियों को ‘मैन/वूमेन ऑफ द मंथ’ के रूप में सम्मानित किया। इनमें पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहीं। सभी चयनित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई। एसएसपी ने विशेष रूप से थाना पथरी क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड और नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधों के अनावरण में टीमवर्क, सतर्कता और समर्पण ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि “हीरो हमारे बीच से ही चुने जाते हैं। हर पुलिसकर्मी के पास अपनी ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य कर समाज और विभाग के लिए मिसाल बनने का अवसर होता है।” उन्होंने सभी जवानों से अपराधों की रोकथाम, नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई और आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया। सम्मेलन के दौरान सम्मानित पुलिसकर्मियों में विभिन्न थानों, सीआईयू, यातायात, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, फायर स्टेशन, पुलिस दूरसंचार, अभियोजन कार्यालय, क्यूआरटी, पुलिस लाइन तथा 40वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। एसएसपी ने सभी सम्मानित कार्मिकों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और अपराधों के खुलासे में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी उनसे प्रेरणा लेने की अपील की।









