युवक को फायरिंग करना पड़ा भारी, झबरेड़ा थाना पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार
फिरोज अहमद जिला ग्रामीण प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहम) लक्सर। झबरेड़ा थाना क्षेत्र में कानून को खुलेआम चुनौती देने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। जानलेवा फायरिंग की घटना को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के सख्त निर्देशों के तहत हरिद्वार पुलिस जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना झबरेड़ा क्षेत्र के ग्राम मोलना में हुई फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पीड़ित सावन पुत्र कुलदीप, निवासी ग्राम मोलना ने थाने में दी तहरीर में बताया कि गांव के ही सुमित पुत्र जीत सिंह उर्फ गुड्डू, रोबिन, अंकित और शिवदत्त ने उसके साथ गाली-गलौच की। आरोप है कि इसी दौरान सुमित ने जान से मारने की नीयत से उस पर फायर कर दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मोलना रोड स्थित सुनहेटी तिराहे से मुख्य आरोपी सुमित पुत्र जीत सिंह उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास मजबूत हुआ है, वहीं अपराधियों में पुलिस का खौफ साफ नजर आ रहा है।









