पूर्व में हुई ऋषिकेश में हत्याकांड को लेकर आज पुलिस मुख्यालय की सख्त दस्तक, पुलिस अधीक्षक ने की जांच शुरू
राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) ऋषिकेश। शिवाजी नगर क्षेत्र में महिला की गोली मारकर हत्या की घटना पहले ही घट चुकी थी, लेकिन उसके बाद उठे सवाल आज पुलिस मुख्यालय की सख्त कार्रवाई के साथ केंद्र में आ गए। मामले की जांच के लिए नामित पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे (IPS) ने आज ऋषिकेश पहुंचकर प्रकरण की हर कड़ी को दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की। आज के घटनाक्रम में एसपी भदाणे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उस समय मौजूद परिस्थितियों, सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने कोतवाली ऋषिकेश पहुंचकर केस डायरी, पुलिस रिस्पॉन्स से जुड़े अभिलेखों और प्रारंभिक कार्रवाई की समयरेखा का गहन परीक्षण किया। जांच का मानवीय पक्ष आज उस समय सामने आया, जब एसपी भदाणे ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए। उन्होंने परिजनों को यह स्पष्ट संदेश दिया कि विवेचना केवल औपचारिकता नहीं होगी, बल्कि निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचाई जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने यह भी संकेत दिया कि यह जांच केवल अपराध तक सीमित नहीं रखी गई थी। प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर एम्स चौकी प्रभारी को पहले ही निलंबित किया जा चुका था, जो यह दर्शाता है कि सिस्टम के भीतर की जिम्मेदारी भी जांच के दायरे में लाई गई है। पूर्व में घटित इस हत्याकांड ने इलाके में भय और अविश्वास का वातावरण बनाया था। ऐसे में आज की कार्रवाई को पुलिस तंत्र की विश्वसनीयता बहाल करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।









