हरिद्वार की सड़क पर उतरे छात्र-छात्रा, कैंडल मार्च निकालकर यशपाल को दी श्रद्धांजलि
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। हरिद्वार की सड़कों पर उतर कर ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेद के छात्र-छात्राओं ने कैंडल मार्च निकालकर बीएएमएस के छात्र यशपाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को पत्र लिखा। जानकारी के अनुसार, ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के बीएएमएस वर्ष 2022 के छात्र यशपाल की आत्महत्या के विरोध में छात्र-छात्राओं ने रविवार शाम भावुक प्रदर्शन किया। उन्होंने कॉलेज से बाहर सड़क पर कैंडल मार्च निकालकर यशपाल को श्रद्धांजलि अर्पित की और ऋषिकुल चौक तक मार्च किया। ग़ौरतलब है कि यशपाल ने 12 फरवरी को गंगा नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। 14 फरवरी को उसका शव बहादराबाद स्थित पथरी पावर हाउस के पास मिला था। छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और आसपास की ओपीडी सेवाएं बंद करा दी थीं। जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। छात्रों ने छह सूत्रीय मांग पत्र जिला प्रशासन, आयुर्वेदिक कॉलेज प्रशासन, एग्जाम कंट्रोलर, डायरेक्टर और पुलिस को सौंपा है। वार्ता के दौरान डीएम स्तर से निष्पक्ष जांच का आश्वासन मिला है, जिसके लिए दो दिन का समय निर्धारित किया गया है। मंगलवार को वाइस चांसलर सहित अन्य उच्च अधिकारियों से छात्रों की बैठक प्रस्तावित है। बैठक के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। छात्रों का कहना है कि यशपाल की मौत सिर्फ व्यक्तिगत मामला नहीं, बल्कि कॉलेज में छात्रों की मानसिक स्थिति और प्रशासनिक उदासीनता का गंभीर संकेत है।









