हरिद्वार में बिजली चोरी पर छापेमारी के दौरान बवाल, विजिलेंस टीम पर हमला
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार जिले के पथरी क्षेत्र स्थित बहादुरपुर जट गांव में बुधवार सुबह बिजली चोरी की सूचना पर की गई छापेमारी के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम स्थानीय पुलिस के साथ कार्रवाई के लिए पहुंची थी, लेकिन मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते उग्र हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विरोध कर रहे युवकों और टीम के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने विजिलेंस टीम पर हमला कर दिया, जिससे टीम को आंशिक नुकसान पहुंचा। हालांकि किसी कर्मचारी के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पथरी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि जिस इलाके में छापेमारी की गई, वहां कार्रवाई के दौरान तनाव बढ़ गया था। पुलिस फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए निगरानी बनाए हुए है।
उधर, उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड जिले में बिजली चोरी के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। हाल के महीनों में कई गांवों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है, लेकिन विभागीय टीमों को विरोध और हमले जैसी घटनाओं से भी जूझना पड़ रहा है।









