हरिद्वार

चाबी बनाने के बहाने ज्वैलरी चोरी, दूसरे थाना क्षेत्र में लेते थे चोरी को अंजाम देने के लिए कमरा

शिवालिक नगर की घटना में एक अंगूठी बरामद, एमपी से आरोपी गिरफ्तार, फरार साथी की तलाश जारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के शिवालिक नगर में अलमारी की चाबी बनाने के बहाने घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले गिरोह का रानीपुर कोतवाली पुलिस ने आंशिक पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के धार से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने की अंगूठी बरामद की है, जबकि उसका साथी फरार है। जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी 2026 को शिवालिक नगर निवासी संदीप धीमान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दोपहर के समय उनकी बुजुर्ग माताजी ने अलमारी की चाबी बनवाने के लिए दो व्यक्तियों को घर बुलाया था। आरोपियों ने गोदरेज अलमारी की चाबी बनाने का बहाना कर अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मामले में कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 20 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने धार से आरोपी गोविंद छाबड़ा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पीली धातु की एक अंगूठी बरामद हुई। वहीं इस बाबत पर रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साले के साथ मध्य प्रदेश से हरिद्वार आया था और शिवालिक नगर के घर से ज्वैलरी चोरी कर दोनों वापस अपने गृह राज्य लौट गए। उसने स्वीकार किया कि अन्य आभूषण उसके साले के पास हैं। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए दूसरे थाना क्षेत्र अंतर्गत में किराए पर कमरा लेते थे और चोरी करने के बाद अपने राज्य पहुंच जाते थे। पुलिस जब फरार आरोपी राजेन्द्र के घर दबिश देने पहुंची तो वह परिवार सहित मकान बंद कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर विधिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपी गोविंद छाबड़ा (25 वर्ष), निवासी ग्राम बारिया, थाना गंधवानी, जिला धार (मध्य प्रदेश) को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button