हरिद्वार

जिला पंचायत बोर्ड की बजट बैठक में पास हुआ 99 करोड़ 50 लाख रूपए का बजट

ग्रामीण क्षेत्र के विकास पर खर्च होगी बजट राशि: राजेंद्र चौधरी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। शनिवार को आयोजित की गयी जिला पंचायत बोर्ड बैठक में 99 करोड़ 50 लाख रूपए का बजट पास किया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में जिला पंचायत कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी संजय खंडूरी ने किया। बैठक में भगवानपुर विधायक ममता राकेश, विधायक प्रतिनिधि सुशील त्यागी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, जिला पंचायत के अधिशासी अभियंता ईश्वरचंद और जिला पंचायत सदस्य शामिल हुए। बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र के विकास के लिए प्रस्ताव रखे। बैठक के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने बताया कि बैठक में पारित किया बजट से ग्रामीण इलाकों के विकास पर खर्च किया जाएगा। जिनमें गांवों में खंड़जा बिछाना, सड़क निर्माण, जल संचय के लिए नए तालाबों का निर्माण व पुराने तालाबों को दुरूस्त किया जाएगा। पेयजल के लिए हैंडपंप लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि सभी सदस्यों के सहयोग से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button