पत्रकारों के हितों का संरक्षण संवर्धन सुरक्षा ही लक्ष्य: धर्मेंद्र चौधरी
संगठित होकर हरिद्वार प्रेस क्लब का करेंगे ऐतिहासिक विकास
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार में अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा के नेतृत्व में बीता कार्यकाल उपलब्धियों, नवाचार और पत्रकार हितों के संरक्षण का प्रतीक बनकर सामने आया है। इस दौरान जहां पुरानी समस्याओं का समाधान किया गया, वहीं कई स्थायी और उपयोगी कार्यों को भी धरातल पर उतारा गया।
पत्रकारों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए प्रेस क्लब में 11 किलोवाट का सोलर प्लांट स्थापित किया गया। जल आपूर्ति की समस्या को दूर करने के लिए पानी की क्षमता 2000 लीटर से बढ़ाकर 6000 लीटर की गई और सबमर्सिबल वाटर कूलर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
प्रेस क्लब परिसर के सौंदर्यकरण के साथ ही भवन में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए। मूर्ति पर माल्यार्पण के लिए सीढ़ियों का निर्माण, छत पर स्टील रेलिंग, पुस्तकालय भवन का रंग-रोगन, नई सीढ़ियों की सुविधा, वाई-फाई, कंप्यूटर और सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से क्लब को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया। वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान के उद्देश्य से सभागार में फोटो गैलरी बनाई गई। साथ ही पत्रकारों के मेधावी बच्चों के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश हेतु 20 हजार से 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया। जरूरतमंद पत्रकारों को पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से मदद भी दिलाई गई। सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी प्रेस क्लब ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बद्रीनाथ धाम यात्रा का आयोजन, “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम, हिंदी पत्रकारिता के 200वें वर्ष पर विभिन्न आयोजन, स्वास्थ्य शिविर, ट्रैक सूट और हेलमेट वितरण जैसे कार्यक्रम इस कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहे। इसके अलावा जानी-मानी हस्तियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर पत्रकारों को नए दृष्टिकोण और अनुभवों से जोड़ा गया। प्रमुख पर्वों पर सदस्यों को उपहार देने की परंपरा भी शुरू की गई।अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि वरिष्ठों के मार्गदर्शन और सहयोग से पत्रकारों के हितों में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी यह क्रम जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और प्रेस क्लब पत्रकारिता को एक सशक्त, जागरूक और अनुशासित मिशन के रूप में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।









