गोली चलने की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना पड़ा भारी
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों ने खोली झूठी कहानी की पोल
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। भगवानपुर थाना क्षेत्र में गोली चलाने की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। गागालेड़ी रोड पर बाइक सवार तीन युवकों द्वारा गोली चलाने का प्रयास किए जाने की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की। जांच में कॉलर की बताई कहानी और उपलब्ध साक्ष्यों में विरोधाभास सामने आया, जिससे पुलिस को सूचना पर संदेह हुआ। पुलिस ने जब कॉलर शुभम शर्मा से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी घटना का सच कबूल कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि बाइक सवार युवकों से कहासुनी होने के बाद गुस्से में उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए गोली चलाने की झूठी सूचना दी थी। पुलिस ने शुभम शर्मा को हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आपातकालीन सेवाओं को झूठी सूचना देना गंभीर मामला है और ऐसी सूचना से पुलिस का महत्वपूर्ण समय और संसाधन अनावश्यक रूप से खर्च होते हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डायल 112 सहित किसी भी आपातकालीन सेवा को झूठी या भ्रामक सूचना न दें। वास्तविक आपात स्थिति में ही पुलिस को सूचना दें, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर मदद पहुंचाई जा सके।









