हरिद्वार

नशे से दूर रहकर विकसित भारत की नींव मजबूत करें युवा

अमृता विश्व विद्यापीठम में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। अमृता विश्व विद्यापीठम, हरिद्वार कैंपस में माता अमृतानंदमयी मठ की युवा शाखा अयुद्ध के सहयोग से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। स्वस्थ, जागरूक और नशा मुक्त युवा शक्ति ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। हरिद्वार एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के सब इंस्पेक्टर एल.एस. बुटोला ने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और करियर को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। माई भारत के जिला युवा अधिकारी रोशन कुमार ने अभियान के उद्देश्यों, युवाओं की भूमिका और जन-जागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं अयुद्ध इंडिया के राष्ट्रीय समन्वयक ब्रह्म. मोक्षामृत चैतन्य ने छात्रों को नशे के खिलाफ जिम्मेदार युवा योद्धा बनने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।अमृता अस्पताल की नशा-मुक्ति विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मी ने नशीले पदार्थों के सेवन से मस्तिष्क, मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने नशे की लत से बचाव और नशा-मुक्ति के उपायों के बारे में भी बताया। कार्यक्रम में माता अमृतानंदमयी मठ के स्वयंसेवक आदित्य सिंह कटोच और अयुद्ध इंडिया के स्वयंसेवक नितिन शोडवानी ने भी सक्रिय सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button