कुंभ मेला 2027: स्थानीय सुझावों के अनुरूप संवरेगा हरिद्वार, मेलाधिकारी सोनिका ने किया स्थलीय निरीक्षण
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने विकास कार्यों को स्थानीय आवश्यकताओं और जनसुविधाओं के अनुरूप अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी है। अवस्थापना विकास से जुड़े कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारने के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, साधु-संतों, प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों से सुझाव लेकर योजनाओं को जनहितकारी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शंकर आश्रम चौक से लेकर अवधूत मंडल मार्ग, भगत सिंह चौक, ज्वालापुर रेलवे स्टेशन और जटवाड़ा पुल क्षेत्र तक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति जानी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने स्पष्ट कहा कि कुंभ मेला-2027 केवल व्यवस्थागत आयोजन नहीं, बल्कि हरिद्वार के दीर्घकालिक विकास और जनसुविधाओं से भी जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए विकास कार्यों को स्थानीय लोगों की जरूरतों और सुझावों के अनुरूप तैयार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण एवं विकास कार्यों के दौरान क्षेत्रीय जनता से लगातार संवाद स्थापित किया जाए। मेला प्रशासन और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याओं और सुझावों को सुनें तथा योजनाओं में जहां संभव हो, उन्हें प्राथमिकता दी जाए। शंकर आश्रम चौक पर सड़क और फुटपाथ कार्यों का निरीक्षण शंकर आश्रम चौक एवं अवधूत मंडल मार्ग पर चल रहे सड़क सुधार और फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से स्थानीय लोगों की मांग पर सड़क के मध्य डिवाइडर की चौड़ाई नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया। मेलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार नगर के प्रमुख मंदिरों और महत्वपूर्ण स्थलों तक पैदल पहुंच को सुगम बनाने के लिए फुटपाथ निर्माण की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ कुंभ मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने उपयुक्त स्थानों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य कराने के भी निर्देश दिए। टॉयलेट और पार्किंग के लिए स्थानीय प्रतिनिधियों से मांगा सहयोग
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने चौराहों के सुधार कार्य स्थानीय आवश्यकताओं और जनता के सुझावों के अनुरूप करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में टॉयलेट और पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि उपयुक्त भूमि उपलब्ध होने पर मेला प्रशासन द्वारा आवश्यक स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय और सतही पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी। स्थानीय लोगों की मांग पर अवधूत मंडल मार्ग के मध्य रेलिंग और लाइट पोस्ट स्थापित करने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
भगत सिंह चौक और ज्वालापुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र पर विशेष ध्यान
मेलाधिकारी ने भगत सिंह चौक क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क सुधार, फुटपाथ निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति जानी। चौक से जुड़े नालों की सफाई कराने तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें ढकने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान स्थानीय नागरिकों से क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली गई।
ज्वालापुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने सड़क सुधार, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं और कार्यों के दौरान स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो। जटवाड़ा पुल क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा
जटवाड़ा पुल क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने प्रस्तावित विकास कार्यों के संबंध में अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने मेला प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि विकास योजनाओं से पहले स्थानीय लोगों से संवाद करने और उनके सुझावों को शामिल करने से कार्य अधिक उपयोगी, व्यावहारिक और जनहितकारी बनेंगे।
स्थानीय लोगों ने सड़क एवं चौराहों के सुधार, फुटपाथ निर्माण, सौंदर्यीकरण और अन्य जनसुविधाओं के लिए मेला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान नगर निगम पार्षद मोनिका सैनी, पार्षद राजेश शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि गुलशन शर्मा सहित सागर अरोड़ा, जयकिशन विरमानी, सुमित मल्होत्रा, भारत तनेजा, धीरेंद्र गुप्ता, रवि शंकर, सुरेश शर्मा, हेमंत चावला, राजू गुप्ता और पवन कुमार सहित अनेक स्थानीय लोग एवं व्यापारी मौजूद रहे। इस अवसर पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष कुमार सिंह, सीओ यूके मलिक, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। कुल मिलाकर कुंभ मेला-2027 को लेकर मेला प्रशासन की यह पहल साफ संकेत देती है कि इस बार विकास कार्यों को केवल प्रशासनिक दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि स्थानीय जनता की जरूरतों और सुझावों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।









