
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। डीएम मयूर दीक्षित ने देवपुरा चौक स्थित पंत पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। डीएम ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कुशल प्रशासक, प्रखर वक्ता और समाज सुधारक थे। आधुनिक भारत के निर्माण में उनका अहम योगदान रहा। उन्होंने कहा कि पंत जी के सशक्त और आधुनिक भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी को ईमानदारी व निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।उन्होंने जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जिले को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं, कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार सहित अधिकारियों कर्मचारियों ने पंत जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। जिले के सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी जयंती कार्यक्रम आयोजित कर उनके जीवन और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया।









