मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विभिन्न संस्थाओं एवं विभागों ने निभाई भागीदारी
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और निर्मल बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में लगातार चौथे दिन भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मेलाधिकारी कुंभ श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत विभिन्न गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। अभियान के दौरान लगभग 10 टन गीला एवं सूखा कूड़ा एकत्रित किया गया। मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत धार्मिक स्थलों और गंगा घाटों की स्वच्छता को प्राथमिकता दी जा रही है। विभिन्न घाटों पर चलाया गया सफाई अभियान
अभियान के अंतर्गत नगर निगम, आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की ओर से सुभाष घाट और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई। नेचर फाउंडेशन सोसाइटी ने अलकनंदा घाट पर, जिला पंचायत ने नमामि गंगे घाट के चंडी देवी क्षेत्र में, आदर्श युवा समिति ने राम घाट पर तथा परशुराम संस्था ने शीतला माता मंदिर घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान घाटों, सार्वजनिक स्थलों और आवागमन वाले क्षेत्रों से गीला एवं सूखा कूड़ा एकत्रित किया गया। अभियान में शामिल स्वयंसेवी संस्थाओं और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दिया। प्रशासन द्वारा गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रखा जा रहा है। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है। गंगा घाटों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और श्रद्धालु का भी कर्तव्य है। सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाना, कचरे को निर्धारित स्थानों पर डालना और स्वच्छता अभियानों में सहयोग करना जैसे छोटे प्रयास हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रशासन की ओर से चलाया जा रहा यह अभियान मां गंगा की निर्मलता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और कुंभ मेले से पहले धर्मनगरी की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।









