कुम्भ-2027 की सुरक्षा का मेगा प्लान तैयार, आतंकवाद से साइबर हमलों तक पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कुम्भ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। देश-विदेश से पहुंचने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और संभावित आतंकी एवं साइबर खतरों से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति बनाई जा रही है। मेला क्षेत्र की निगरानी अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और एंटी-ड्रोन प्रणाली को सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा बनाया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में मंगलवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेसन और अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुम्भ मेले की सुरक्षा, अभिसूचना तंत्र, आतंकवाद निरोधक उपायों, साइबर सुरक्षा, यातायात, रेलवे, अग्निशमन और पुलिस बल की उपलब्धता सहित तमाम व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में एसएसपी कुम्भ आयुष अग्रवाल और एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। आईजी कुम्भ योगेन्द्र सिंह रावत और मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की तैयारियों और सुझावों को साझा किया।
आतंकी गतिविधियों और संगठित अपराध पर रहेगी नजर
कुम्भ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन की सुरक्षा को देखते हुए एटीएस, एसटीएफ, बम निरोधक दस्ते (BDS) और अभिसूचना इकाइयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बनाया गया है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की पहचान और सुरक्षा एजेंसियों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था मजबूत की जाएगी। प्रमुख स्नान घाटों पर एंटी सबोटाज चेकिंग और वॉच टावरों के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।
डिजिटल निगरानी और साइबर सुरक्षा का मजबूत कवच
कुम्भ मेले के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और फर्जी संदेशों के प्रसार को रोकने के लिए विशेष सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल सक्रिय किया जाएगा। ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए भी प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। ICCC, सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम को समयबद्ध तरीके से स्थापित कर प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
भीड़ नियंत्रण से लेकर रेलवे सुरक्षा तक व्यापक तैयारी
प्रमुख स्नान पर्वों पर संभावित भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, वैकल्पिक यातायात मार्ग और आपातकालीन निकासी की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। पार्किंग स्थलों और भीड़ के दबाव वाले संकरे मार्गों को चिह्नित कर विशेष प्रबंधन किया जाएगा। रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी की तैनाती, ट्रेनों के नियमन, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया जाएगा। अग्निशमन संसाधनों एवं फायर सेफ्टी परीक्षण की भी समीक्षा की गई।
पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण और संसाधनों पर जोर
कुम्भ मेले के लिए सीएपीएफ, होमगार्ड, जल पुलिस, घुड़सवार पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता का आकलन कर समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण की व्यवस्था भी समय रहते पूरी की जाएगी। निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों और पुलिस लाइनों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा आवश्यक वाहनों और उपकरणों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडीजी वी. मुरुगेसन और एडीजी ए.पी. अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल का संयुक्त निरीक्षण किया। वहीं विभिन्न आईजी स्तर के अधिकारियों ने हरकी पैड़ी, प्रमुख घाटों, अस्थायी पुलों, संकरे मार्गों, पुलिस थानों एवं चौकियों, फायर स्टेशनों, संचार सब कंट्रोल रूम, हाईवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया, रेलवे स्टेशनों और निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया।
बैठक में आईजी विम्मी सचदेवा, कृष्ण कुमार वीके, नीलेश आनंद भरणे, अनंत शंकर ताकवाले, राजीव स्वरूप, सुनील मीणा, योगेन्द्र सिंह रावत, बरिन्दरजीत सिंह सहित डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुम्भ आयुष अग्रवाल और एसएसपी अभिसूचना मणिकांत मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुम्भ मेला-2027 की सभी सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित धार्मिक आयोजन का अनुभव मिल सके।









