हरिद्वार

वायरल वीडियो पर गैस एजेंसी पर कार्रवाई, पुष्पक गैस सर्विस को कारण बताओ नोटिस

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो क्लिप के मामले में पूर्ति निरीक्षक कनखल द्वारा मै० पुष्पक गैस सर्विस (बी०पी०सी०) कनखल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संबंधित गैस एजेंसी को दो दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय, हरिद्वार में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्ति निरीक्षक कनखल ने जानकारी देते हुए बताया कि व्हाट्सएप, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक लगभग 40 सेकंड की वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। वीडियो में वाहन संख्या UK08-CA-6013 दिखाई दे रहा है, जिस पर पुष्पक गैस एजेंसी, हरिद्वार (भारत गैस) लिखा हुआ है। वीडियो में एक व्यक्ति वाहन के अंदर खड़ा होकर गैस सिलेंडर के साथ छेड़छाड़ करता हुआ नजर आ रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति वाहन चला रहा है। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा पूछताछ किए जाने पर वाहन चालक वाहन को लेकर वहां से चला जाता है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए पूर्ति निरीक्षक ने कहा कि समय-समय पर बैठकों, व्हाट्सएप ग्रुपों तथा अन्य माध्यमों से उच्चाधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों को सुरक्षा एवं नियमों के पालन के लिए लगातार निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद इस प्रकार की घटना सामने आना एजेंसी की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। पूर्ति निरीक्षक ने गैस एजेंसी को निर्देशित किया है कि वह इस प्रकरण में अपना स्पष्टीकरण दो दिन के भीतर जिला पूर्ति अधिकारी, हरिद्वार कार्यालय में प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्राप्त न होने की स्थिति में एजेंसी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button