हरिद्वार

इकबालपुर चौकी में संदिग्ध भूमिका पर कार्रवाई, पूरे मामले की जांच एसपी देहात को सौंपी, 6 नपे

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। जनपद में अवैध खनन के मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना झबरेड़ा क्षेत्र की चौकी इकबालपुर में अवैध खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने चौकी प्रभारी समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, इकबालपुर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रारंभिक स्तर पर जांच कराई गई। जांच के दौरान चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाते हुए बिना देरी किए चौकी प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए।

पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए पुलिस अधीक्षक देहात को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाएगा कि अवैध खनन के मामलों में संबंधित पुलिसकर्मियों की क्या भूमिका रही और कहीं उनकी लापरवाही या संलिप्तता तो नहीं थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी पुलिसकर्मी की अनुचित कार्यों में संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। साथ ही इससे यह संदेश भी गया है कि अवैध खनन जैसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button