शारदीय कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क
डीएम ने अधिकारियों को संवेदनशीलता से ड्यूटी निभाने के दिए निर्देश

हरीद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। शारदीय कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला सभागार में सोमवार को जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शारदीय कांवड़ यात्रा एवं शिवरात्रि के दौरान जनपद में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन को लेकर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कांवड़ मार्गों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधिकारियों को यातायात डायवर्जन प्लान तैयार करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने एवं अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, चिकित्सक दल एवं प्राथमिक उपचार केंद्रों को पूरी तरह सुदृढ़ रखने के आदेश दिए गए।
नगर निगम, सिंचाई विभाग एवं जिला पंचायत को स्नान घाटों एवं कांवड़ मार्गों पर नियमित सफाई एवं कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को मोबाइल शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा जल संस्थान एवं विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल एवं बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी जोनल मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा। एनएचएआई अधिकारियों को नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़े मलबे को शीघ्र हटाने तथा मार्ग को पूरी तरह सुचारू रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को गंगा घाटों एवं पुलों पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा कराने, ओवररेटिंग रोकने, भोजन की गुणवत्ता एवं एक्सपायरी सामग्री की सघन जांच करने के निर्देश दिए गए। खराब भोजन मिलने पर तत्काल कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।
अपर रोड पर चल रहे निर्माण कार्य को कांवड़ यात्रा अवधि में रोकने तथा मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सीओ ट्रैफिक भीपेंद्र सिंह, सीओ एसडीआरएफ सुशील रावत, ट्रैफिक इंचार्ज हितेश कुमार, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी.के. सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









