जिला योजना के क्रियान्वयन पर प्रशासन सख्त
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने की समीक्षा बैठक, तय की समय-सीमा

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद उस्मान) हरिद्वार। जिला योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने की। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन विभागों द्वारा अब तक स्वीकृत धनराशि का पूर्ण उपयोग नहीं किया गया है, वे 28 फरवरी तक अवशेष धनराशि का अनिवार्य रूप से व्यय सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि तक यदि धनराशि का उपयोग नहीं किया गया, तो उसे अन्य विभागों को आवंटित कर दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता पर पूर्ण किया जाए तथा व्यय की गई धनराशि का प्रमाण पत्र जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को समय पर उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जिला योजना के अंतर्गत संचालित योजनाएं सीधे आम जनता से जुड़ी होती हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, पेयजल निगम, कृषि, खेल, उरेडा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक के माध्यम से जिलाधिकारी ने यह स्पष्ट किया कि जिला योजना के तहत स्वीकृत बजट का समय पर उपयोग कर विकास कार्यों को गति देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।









