हरिद्वार

हरिद्वार में एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, डीएम ने अधिकारियों के साथ की अहम बैठक

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आपदा कंट्रोल रूम में संबंधित अधिकारियों और गैस एजेंसियों के विक्रय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जनपद में गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि अब अधिकांश उपभोक्ता ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से भी गैस सिलेंडर की बुकिंग कर रहे हैं और बुकिंग के आधार पर ही गैस की आपूर्ति की जा रही है। एजेंसियों में लग रही भीड़ का एक बड़ा कारण कई उपभोक्ताओं द्वारा केवाईसी न कराना भी है, जिसके कारण उनकी बुकिंग नहीं हो पा रही है। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों और गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि एलपीजी गैस की आपूर्ति नियमित और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपलब्ध कराए जाएं, ताकि लोगों को एजेंसियों पर अनावश्यक लाइन में न लगना पड़े। साथ ही बैकलॉग को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि एलपीजी गैस का अवैध भंडारण, कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति इसमें संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और आश्रमों में गैस सिलेंडर की प्राथमिकता से आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों, नोडल अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को समय-समय पर गैस एजेंसियों की निगरानी और निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी पी.आर चौहान, पुलिस अधीक्षक क्राइम निशा यादव सहित अन्य अधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button