32 वर्ष की निष्कलंक सेवा के बाद एडीएम दीपेंद्र सिंह नेगी सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। 32 वर्षों की सफल और निष्कलंक प्रशासनिक सेवा पूर्ण करने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने दीपेंद्र सिंह नेगी को शॉल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वही समारोह को संबोधित करते हुए डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि नेगी सौम्य और सरल स्वभाव के अधिकारी रहे हैं, जिन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कुशलता के साथ किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में उनकी कार्यशैली सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। जिलाधिकारी ने मां गंगा से उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की प्रार्थना की। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने भी दीपेंद्र सिंह नेगी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने 32 वर्षों तक बिना किसी व्यवधान के अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया। उन्होंने उनके उज्ज्वल और शांतिपूर्ण पारिवारिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी.आर. चौहान रावत, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आशीष वर्मा सहित अनेक अधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए दीपेंद्र नेगी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन द्वारा किया गया। समारोह में मुख्य कोषाधिकारी अजय कुमार, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, जिला खनन अधिकारी काजिम रजा, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी सुदेश कुमार सहित जिला कार्यालय के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।









