हरिद्वार

उत्तर प्रदेश पुलिस वाहन पर टक्कर मारकर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश, हरिद्वार की ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने दबोचे आरोपी

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने का एक सनसनीखेज मामला उत्तराखंड के हरिद्वार से सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए एक वांछित आरोपी को छुड़ाने के लिए उसके पुत्र व साथियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कई पुलिसकर्मियों को चोटें आने की पुष्टि हुई है।

जानकारी के अनुसार, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर में तैनात उप निरीक्षक अनुराग सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ धोखाधड़ी के मामले में वांछित अभियुक्त संजय पुत्र राजपाल को ज्वालापुर स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर न्यायालय ले जा रहे थे। इसी दौरान भूमानंद अस्पताल के समीप अभियुक्त के पुत्र ईशान्त ने अपने सहयोगियों के साथ स्कॉर्पियो और थार वाहनों से पुलिस वाहन का पीछा करते हुए उसे टक्कर मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली ज्वालापुर वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेंद्र गंगवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है। इस हमले को सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस पर जानलेवा हमले के रूप में लेते हुए गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं इस बाबत पर ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह ने राणा ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ईशान्त पुत्र संजय, शिवम मलिक पुत्र अनुज मलिक, अमन पुत्र गजेंद्र निवासी, सुभाष नगर, कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार के रूप मे हुई है।

पुलिस का स्पष्ट कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

Related Articles

Back to top button