रानीपोखरी में ईमानदारी और सतर्कता की मिसाल, 7 लाख का खोया हार पुलिस ने मालिक तक पहुँचाया
राजेश कुमार देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश) रानीपोखरी। दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और सजगता का परिचय देते हुए लगभग 7 लाख रुपये मूल्य का सोने का रानीहार उसके वास्तविक स्वामी को सुरक्षित वापस लौटाकर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। जानकारी के अनुसार, थाना रानीपोखरी क्षेत्र में बालिका इंटर कॉलेज के समीप कुछ स्कूली बच्चों को सड़क किनारे पीली धातु का एक हार लावारिस हालत में मिला। जिज्ञासावश बच्चे उसे स्थानीय ज्वैलर के पास ले गए, जहां जांच के दौरान हार के सोने का होने की पुष्टि हुई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ज्वैलर ने तत्काल रानीपोखरी पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चों से आवश्यक जानकारी एकत्र की। इसके बाद आसपास के क्षेत्रों तथा संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए सोशल मीडिया और वायरलेस संदेशों के माध्यम से भी हार के संबंध में सूचना प्रसारित की गई। लगातार प्रयासों के फलस्वरूप पुलिस ने हार की वास्तविक स्वामिनी सीमा डोभाल, पत्नी अभिषेक डोभाल, निवासी रानीपोखरी, का पता लगाया। आवश्यक सत्यापन और साक्ष्यों की पुष्टि के बाद हार उन्हें सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। हार वापस मिलने पर स्वामिनी ने भावुक होते हुए बताया कि उन्होंने इसे वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। उन्होंने पुलिस की तत्परता और ईमानदार कार्यशैली की सराहना करते हुए दून पुलिस का आभार व्यक्त किया। यह घटना न केवल पुलिस की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि बच्चों और स्थानीय नागरिकों की जागरूकता का भी प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करती है।









