बागेश्वर औषधि प्रभारी पूजा रानी ने किया नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण, मचा हड़कंप
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) बागेश्वर। जिला अधिकारी महोदया बागेश्वर के निर्देशों के क्रम में बुधवार 11 मार्च को नशा मुक्ति केंद्र बागेश्वर का औचक निरीक्षण किया गया। औषधि निरीक्षक बागेश्वर ने बताया की इस निरीक्षण का उद्देश्य नशा मुक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली और सेवाओं का मूल्यांकन करना था, ताकि नशा मुक्ति के क्षेत्र में बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।
जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपस्थित स्टाफ से विस्तृत वार्ता की गई जिनके द्वारा बताया गया की बागेश्वर में नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना अप्रैल 2025 में हुई एवं केंद्र में अभी तक 167 नशे के आशक्त भर्ती हुये एवं 157 अभी तक स्वास्थ होकर वापस जा चुके है एवं 10 नशे के आशक्त अभी उपचार हेतु भर्ती है। औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी द्वारा सभी को नशा मुक्ति के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। औषधियों के रखरखाव एवं क्रय बिलों की जांच की गई और औषधियों से संबंधित रजिस्टरों में की जाने वाली प्रविष्टियों का गहन निरीक्षण किया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी औषधियां सुरक्षित और मानकों के अनुरूप हैं।
इसके उपरांत, नशा मुक्ति हेतु भर्ती मरीजों से व्यक्तिगत वार्ता की गई और उनकी समस्याओं, अनुभवों और केंद्र की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत चर्चा की गई। मरीजों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर, केंद्र की कमियों को दूर करने और सेवाओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण का उद्देश्य नशा मुक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली में सुधार लाना और मरीजों को बेहतर सेवाएं प्रदान करना है, ताकि वे अपने जीवन को पुनः स्वस्थ और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ा सकें। निरीक्षक टीम में औषधि प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन शामिल थे।









