देहरादून

देहरादून में बड़ा बैंकिंग झटका: भारतीय रिज़र्व बैंक की सख्त कार्रवाई

राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने शहर के एक अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक पर कड़ी कार्रवाई करते हुए कई प्रकार की बैंकिंग गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। आरबीआई द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बैंक अब बिना पूर्व अनुमति के कोई नया लोन स्वीकृत नहीं कर सकेगा और न ही नई जमा राशि स्वीकार कर पाएगा। सबसे अहम बात यह है कि खाताधारकों के खाते से निकासी पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिससे ग्राहकों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, बैंक की वित्तीय स्थिति और नियामकीय मानकों के अनुपालन को लेकर आरबीआई ने यह कदम उठाया है। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के बाद यह प्रतिबंध लगाया गया है।
हालांकि, आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई बैंकिंग प्रणाली की स्थिरता और जमाकर्ताओं के हितों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है। बैंक पर लगी रोक की खबर फैलते ही खाताधारकों में चिंता का माहौल है। कई ग्राहक शाखा पहुंचकर जानकारी लेने की कोशिश कर रहे हैं। आरबीआई की यह रोक निर्धारित अवधि तक लागू रहेगी या स्थिति की समीक्षा के बाद इसमें बदलाव किया जाएगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। इस मामले में बैंक प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button