बड़ी खबर: जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य सहित एक सहायक रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, महकमे में मचा हड़कंप
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। उत्तराखंड के जिले हरिद्वार से बड़ी खबर सामने आई है, जहां विजिलेंस टीम ने जिला पूर्ति अधिकारी सहित एक सहायक कर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वही विजिलेंस टीम की छापेमारी के चलते विभाग सहित कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई को अंजाम देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य एवं उनके एक सहायक को ₹50000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि किसी राशन डीलर से जिला पूर्ति अधिकारी ने ₹50000 की मांग की थी। इस संबंध में पीड़ित ने विजिलेंस को शिकायत करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई थी। देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर जिला पूर्ति अधिकारी और उनके सहायक गौरव शर्मा को रंगे हाथ गिरफ्तार करते हुए भ्रष्टाचार के तौर पर वसूली गई रकम भी बरामद कर ली, विजिलेंस की कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व बहादराबाद खंड शिक्षा अधिकारी 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। हरिद्वार जनपद में लगातार हो रही विजिलेंस की कार्रवाइयों से भ्रष्ट अधिकारियों में खौफ का माहौल बनता नजर आ रहा है।











