बड़ी खबर: महिला इंस्पेक्टर की शिकायत पर हरिद्वार पुलिस ने शुरू की जांच, राजनीतिक हलकों में हलचल, पढ़ें क्यों
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार के रानीपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। महिला इंस्पेक्टर के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में कांग्रेस नेता कैश खुराना के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज करते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। ड्रग्स इंस्पेक्टर अनिता भारती ने आरोप लगाया है कि फेसबुक के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने और उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणी न केवल व्यक्तिगत रूप से आपत्तिजनक है, बल्कि उनकी पेशेवर प्रतिष्ठा को भी आघात पहुंचाती है। वहीं इस बाबत पर रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया पोस्ट के तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर आईटी विशेषज्ञों की मदद भी ली जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई की जाएगी।









