समारोह पूर्वक मनाया गया ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी का अवतरण दिवस
6 फरवरी 2026 को स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज का समाधि मंदिर राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा: आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। भारत माता मंदिर के संस्थापक पद्म भूषण ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज का अवतरण दिवस समारोह सभी तेरह अखाड़ों के संत महापुरूषों के सानिध्य में समारोह पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जूना पीठाधीश्वर और भारत माता मंदिर ट्रस्ट एवं समन्वय ट्रस्ट के अध्यक्ष आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने घोषणा की कि अगले साल 6 फरवरी को परम पूज्य गुरु जी स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज का समाधि मंदिर राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। अवसर पर तीन दिवसीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक भव्य आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर संत समाज ने भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार से महामंडलेश्वर स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज की जन्म जयंती स्वामी विवेकानंद जयंती की तर्ज पर मनाने की मांग की। जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज की अध्यक्षता में भारत माता मंदिर में आयोजित अवतरण दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अखिल अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि महान् विचारक, राष्ट्रनायक एवं समाज सुधारक ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी का भारत के संतों, मनीषियों में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। आदिवासी समुदाय के लिए किए गए उनके कार्यो, आदर्शाे और जीवन दर्शन से प्रेरणा लेते हुए सभी को मानव कल्याण में योगदान का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें महामंडलेश्वर स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज का सच्चा उत्तराधिकारीबताया। इस अवसर पर अध्यक्षीय संबोधन करते हुए आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने कहा कि गुरू से बढ़कर संसार में कुछ नहीं है। गुरू ही परमात्मा का दूसरा स्वरूप हैं। समाज के वंचित तबके का कल्याण और देश का उत्थान ही ब्रह्मलीन गुरूदेव स्वामी सत्यमित्रांनद गिरी महाराज के जीवन का उद्देश्य था। हरिद्वार में भारत माता मंदिर की स्थापना कर उन्होंने देश की गौरवशाली संस्कृति के संरक्षण में अहम योगदान दिया। सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद जी महाराज देश के शीर्ष संतों में विशेष स्थान रखते थे। राष्ट्र निर्माण और सनातन धर्म की रक्षा में उनके योगदान को कभी नहीं भुलाया नहीं जा सकता है। महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि धर्म, अध्यात्म और देश सेवा में ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज का योगदान सदैव सभी को प्रेरणा देता रहेगा। भारत माता मंदिर के महंत महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी ने कहा कि त्याग, तपस्या और सेवा की प्रतिमूर्ति ब्रह्मलीन गुरूदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज द्वारा आदिवासी समुदाय को समाज की मुख्यधारा में लाने और उनके उत्थान के लिए किए गए कार्यो को देखते हुए सरकार को स्वामी विवेकानंद जयंती की तर्ज पर स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी की जयंती भी मनानी चाहिए। स्वामी देवानंद सरस्वती, स्वामी प्रबोधानंद गिरी, स्वामी हरिवल्लभदास शास्त्री, स्वामी रविदेव शास्त्री ने भी ब्रह्मलीन सत्यमित्रांनंद गिरी महाराज को नमन किया। कार्यक्रम का संचालन महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी ने किया। भारत माता मंदिर एवं समन्वय ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक एवं सचिव आईडी शास्त्री ने सभी संत महापुरूषों और अतिथियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। और सभी का आभार जताया है।इस अवसर पर महंत राघवेंद्र दास, बाबा हठयोगी, स्वामी हरिहरानंद, महंत सूर्यांश मुनि, स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि, आचार्य चंद्रभूषण, स्वामी दिनेश दास, महंत सूरज दास, स्वामी ऋषिश्वरानंद, स्वामी शिवम महंत, महंत शुभम गिरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन व गणमान्य लोग मौजूद रहे।











