हरिद्वार पुलिस की अपराध गोष्ठी में कप्तान के सख्त तेवर
त्योहारों पर गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं, चारधाम यात्रा और कानून व्यवस्था पर खास फोकस

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। जनपद पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित सभागार में सैनिक सम्मेलन के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में माह जनवरी की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, आगामी त्योहारों एवं चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
अपराध गोष्ठी में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रचलित रमजान तथा आगामी होली और ईद पर्व के दौरान किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए नियमित गश्त और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लॉ एंड ऑर्डर में किसी भी प्रकार की चूक पाई गई तो संबंधित थाना प्रभारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में सर्किल ऑफिसर्स के नेतृत्व में समुदाय के गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर आपसी सामंजस्य बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर एसपी ट्रैफिक को समय से ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर दिशा-दूरी दर्शाने वाले होर्डिंग्स लगाने तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया। साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान साइबर सेल हरिद्वार के कार्यों पर संतोष जताते हुए और बेहतर रिस्पांस देने के निर्देश दिए गए। वहीं गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्ती की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सर्किल ऑफिसर्स को स्वयं पर्यवेक्षण करने को कहा गया।
सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रकोष्ठ से प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को साप्ताहिक समीक्षा कर 15 दिन के भीतर कार्यवाही रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
गर्मी के मद्देनजर सभी फायर स्टेशनों को अलर्ट मोड पर रखने तथा आग की घटनाओं में रिस्पांस टाइम सुधारने के निर्देश भी दिए गए। एनडीपीएस एक्ट के तहत नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए केवल पकड़ने तक सीमित न रहकर नशे की जड़ों तक पहुंचने की रणनीति अपनाने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि “आज का युवा ही देश का भविष्य है, इसलिए नशा उन्मूलन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए चेकिंग अभियान को और प्रभावी बनाने तथा ऑपरेशन मुक्ति के तहत बालश्रम और भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों के पुनर्वास के लिए अन्य विभागों से समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अपराध गोष्ठी के दौरान बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को सराहना मिली, जबकि लापरवाही बरतने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई। बैठक का समापन कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।









