छुट्टी पर घर आए जवान की मौत से बवाल, हादसे के बाद इलाज पर उठे बड़े सवाल
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार/रुड़की। देहरादून हाईवे पर रविवार दोपहर हुए एक सड़क हादसे में घायल सेना के जवान की इलाज के दौरान मौत हो जाने से अस्पताल में हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस की साइड लगने से बाइक सवार 33 वर्षीय धन प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। वह वर्तमान में बंगाल बॉर्डर पर तैनात थे और दो दिन पूर्व ही छुट्टी पर अपने घर आए थे। हादसे के समय वह किसी आवश्यक कार्य से भगवानपुर जा रहे थे। दुर्घटना में उनके कूल्हे में गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल जवान ने स्वयं ही परिजनों को सूचना दी। परिजन स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रुड़की स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक के भाई गौतम ने आरोप लगाया कि धन प्रकाश को केवल फ्रैक्चर था, लेकिन डॉक्टरों द्वारा गलत इंजेक्शन लगाए जाने से उनकी हालत बिगड़ गई और जान चली गई। इसी आरोप को लेकर परिजनों व परिचितों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद दलित नेता योगेश कुमार ने भी अस्पताल को सील करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। देखते ही देखते अस्पताल में भारी भीड़ एकत्र हो गई, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।
सूचना पर गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









