हरिद्वार

आत्महत्या का दावा झूठा, पत्नी-बेटी निकलीं हत्यारी: पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासा

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र के ग्राम लाहडपुर में आत्महत्या का मामला बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश आखिरकार नाकाम साबित हुई। हरिद्वार पुलिस की सतर्कता और गहन जांच में यह मामला हत्या का निकला, जिसमें मृतक की पत्नी और नाबालिग बेटी की संलिप्तता सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल को पूजा नामक महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके पति बबलू ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण किया, जहां परिस्थितियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने साक्ष्य संकलित कर जांच शुरू की।

मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के भाई राजू ने तहरीर देकर पत्नी, बेटी और एक अन्य युवक पर हत्या का आरोप लगाया। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया। पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान मृतक के बेटे ने खुलासा किया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर उसके पिता की हत्या की है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी और किशोरी ने बताया कि मृतक को उनके अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते वह अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर दोनों ने हत्या की योजना बनाई। घटना वाले दिन मृतक को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिलाई गई, इसके बाद दुपट्टों से हाथ-पैर बांधकर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को दूसरे कमरे में ले जाकर उसके मुंह में सल्फास का घोल डाला गया और कमरे को बंद कर दिया गया। अगली सुबह आरोपी महिला ने पुलिस को झूठी कहानी सुनाई, लेकिन जांच के दौरान सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटी को संरक्षण में लिया गया है। घटनास्थल से मोबाइल फोन, सल्फास का पैकेट, शराब का खाली पाउच, स्टील का गिलास, चार दुपट्टे और एक तकिया बरामद किया गया है।

पुलिस अब मामले में कथित प्रेमी और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई को पुलिस की सतर्कता और पेशेवर जांच का उदाहरण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button