कक्षा छह के छात्र अंश ने पेश की मिसाल, नेत्रहीनों को करा रहे नि:शुल्क भोजन
अक्षय कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अक्षय कुमार) हरिद्वार। कम उम्र में सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए शिवलोक कॉलोनी निवासी कक्षा छह के छात्र अंश इन दिनों हरकी पैड़ी क्षेत्र में रह रहे नेत्रहीन लोगों की निस्वार्थ भाव से सेवा कर रहे हैं। अंश नियमित रूप से जरूरतमंद नेत्रहीनों को नि:शुल्क भोजन कराते हैं और उनकी मदद में जुटे हुए हैं। परीक्षाओं के बाद मिली छुट्टियों का उपयोग अंश ने समाजसेवा के लिए करने का निर्णय लिया। जहां अधिकांश बच्चे अवकाश का समय खेलने या घूमने में बिताते हैं, वहीं अंश जरूरतमंदों की सेवा को अपना कर्तव्य मानते हुए प्रतिदिन पिता के साथ होटल में रहते हैं और हरकी पैड़ी क्षेत्र पहुंचकर नेत्रहीनों को भोजन वितरित कर रहे हैं। उनकी इस पहल की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।
अंश के पिता कमल खड़का समाजसेवी हैं और परिवार से मिले संस्कारों का ही प्रभाव है कि अंश बचपन से ही सेवा कार्यों में रुचि रखते हैं। अंश का कहना है कि दूसरों की मदद करने से उन्हें आत्मिक खुशी मिलती है और आगे भी वह इसी तरह जरूरतमंदों की सेवा करते रहेंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी छोटी उम्र में अंश का यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है।









