हरिद्वार

जगजीतपुर मेडिकल कालेज शुरू नहीं होने पर कांग्रेस नेताओं ने उठाए सरकार और प्रशासन पर सवाल

मरीजों को होना पड़ रहा बाहर के अस्पतालों पर निर्भर: रवि बहादुर

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। जगजीतपुर मेडिकल कालेज शुरू नहीं होने और भूपतवाला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व मेयर अनिता शर्मा और विधायक रवि बहादुर ने आरोप लगाया कि नगर निगम की कीमती जमीन पर बना मेडिकल कालेज पूरी तरह संचालित नहीं हो पाने के कारण स्थानीय लोगों को इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स, जौलीग्रांट और अन्य स्थानों की दौड़ लगानी पड़ रही है। प्रैसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जिला अस्पताल की मोर्चरी में चूहों के शव कुतरने का मामला भी उठाया और सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति नीतियों पर सवाल खड़े किए। पूर्व मेयर अनिता शर्मा ने कहा कि उनके कार्यकाल में नगर निगम बोर्ड ने सभी पार्षदों की सहमति से जगजीतपुर स्थित नगर निगम की भूमि मेडिकल कालेज निर्माण के लिए निःशुल्क दी गयी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल हैं और मेडिकल कालेज पर ताले लटके हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में कई घायल और गंभीर रूप से बीमार लोग रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। जिला अस्पताल की मोर्चरी में चूहों द्वारा शव कुतरने का मामला उठाते हुए कहा कि इससे अस्पतालों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द अस्पताल शुरू कराने की मांग की। ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि मेडिकल कालेज भी ठीक ढंग से संचालित नहीं हो पा रहा है। आज भी मरीजों को बाहर के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों की जमीन फ्री में देकर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। कहा कि मेडिकल कालेज शुरू करने की मांग को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि वर्षों बाद भी सरकार नगर निगम द्वारा निःशुल्क दी गयी भूमि बने अस्पताल को सुचारू रूप से संचालित नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा कि यदि सरकार मेडिकल कालेज नहीं चला पा रही है तो भूमि वापस ली जाए। अमन गर्ग ने कहा कि भूपतवाला अस्पताल में भी चिकित्सकों, स्टाफ और अन्य सुविधाओं का भारी अभाव है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि निःशुल्क जमीन दिए जाने का प्रावधान नहीं होने के बावजूद तत्कालीन मेयर अनिता शर्मा एवं पार्षदों ने जनहित को देखते हुए जिला प्रशासन के कहने पर कोरोना काल में बोर्ड की बैठक बुलाकर मेडिकल कालेज के निःशुल्क भूमि दी। करोड़ों की लागत से मेडिकल कालेज का निर्माण होने के बाद भी स्थानीय लोगों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द मेडिकल कालेज का संचालन शुरू नहीं किया गया तो कांग्रेस गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने आरोप लगाया कि सरकार मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मोड पर देने की तैयारी में थी। लेकिन कांग्रेस के विरोध के चलते इसे रोका गया। उन्होंने कहा कि जब शहरों में स्वास्थ्य सेवाओं का यह हाल है तो ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जन आंदोलन करने को बाध्य होगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद जनता को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जो चिंता का विषय है। प्रैसवार्ता में पूर्व सभासद अशोक शर्मा, रकित वालिया, सुंदर सिंह मनवाल दिनेश कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, पार्षद सुनील कुमार, विवेक भूषण विक्की, हिमांशु गुप्ता, पुनीत कुमार, सतेंद्र वशिष्ठ, आशु भारद्वाज, देवेश गौतम, हिमांशु बहुगुणा, बृजमोहन बड़थ्वाल, अनिल ठाकुर आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button