तरुण हिमालय संस्था की प्रबंध कार्यकारिणी बैठक में चुनाव प्रक्रिया पर बनी सहमति
संशोधित नियमावली के अनुसार होंगे चुनाव, 28 अगस्त को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। तरुण हिमालय संस्था की प्रबंध कार्यकारिणी की आवश्यक बैठक 26 अगस्त 2026 को सायं छह बजे तरुण हिमालय परिसर में आयोजित की गई है। बैठक की अध्यक्षता भानु प्रसाद गैरौला ने की। बैठक में संस्था की आगामी चुनाव प्रक्रिया सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई है। बैठक में संस्था के प्रस्तावित चुनाव कार्यक्रम को लेकर पूर्व में नामित तीन सदस्यों को संस्था के अध्यक्ष गंगा दत्त शर्मा द्वारा भंग किए जाने के निर्णय को प्रबंध कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने अपनी सहमति प्रदान की है। इसके साथ ही बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि संस्था की संशोधित नियमावली धारा 5 के अनुसार ही आगामी चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी चुनाव की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से संस्था के अध्यक्ष, महासचिव सहित प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव किया जाएगा। संस्था का चुनाव सोसायटी के माध्यम से तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अंतर्गत कराया जाएगा। संस्था के अध्यक्ष गंगा दत्त शर्मा ने बताया कि तरुण हिमालय संस्था एक पर्वतीय संस्था है, जो लंबे समय से जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती आ रही है। उन्होंने कहा कि संस्था सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को तरुण हिमालय स्कूल के बच्चों द्वारा मैराथन दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर तरुण हिमालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें बच्चों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। बैठक में जगत सिंह रावत, केपीओ काला, गंगा दत्त शर्मा, कुलदीप असवाल, ललित भट्ट, बलदेव सिंह रावत, प्रकाश बहुगुणा, जीत सिंह नेगी, हर्षमोहन रावत, प्रमोद पंत, भगवती प्रसाद पंत, धर्मवीर रावत, कुलदीप रावत, मनोज चौहान, पूर्ण सिंह रावत, अजय नेगी सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।









