हरिद्वार

जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 76 शिकायतों में 34 का मौके पर निस्तारण

गगन शर्मा सह सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 76 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 34 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, नहर मरम्मत, अतिक्रमण, जलभराव सहित विभिन्न समस्याएं सामने आईं। ग्राम लिब्बरहेड़ी की प्रधान शबनम ने नहर क्षेत्र में जलभराव से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाते हुए सीपेज ड्रेन की सफाई एवं पक्कीकरण की मांग की। कांगड़ी निवासी इसम सिंह ने ट्रस्ट संपत्ति के कथित फर्जी विक्रय की शिकायत दर्ज कराई।

ग्राम पूरणपुर साल्हापुर निवासी भरत सिंह ने चकमार्ग पर अतिक्रमण से आवागमन बाधित होने की समस्या रखी, जबकि ज्वालापुर की मंजू ने भूमि हड़पने का आरोप लगाया। इसके अलावा अवैध कब्जे, मुआवजा न मिलने, भूमि पैमाइश और रास्तों पर अतिक्रमण से जुड़ी कई शिकायतें भी दर्ज की गईं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें विभागीय समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए डीएम ने 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 708 तथा एल-2 स्तर पर 146 शिकायतें लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र निपटाने को कहा गया। साथ ही शिकायतकर्ताओं से फोन के माध्यम से संवाद स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी.आर चौहान, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button