ज्वालापुर में बिजली चोरी पर करंट एक्शन, तड़के छापेमारी से उजागर हुई अवैध कनेक्शनों की पोल
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। बिजली चोरी पर नियंत्रण और ईमानदार उपभोक्ताओं को सुरक्षित सेवा उपलब्ध कराने के मकसद से ज्वालापुर क्षेत्र के विद्युत विभाग ने शुक्रवार तड़के विशेष छापेमारी अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता रवि कुमार के निर्देशन में एसडीओ अर्चना के नेतृत्व वाली टीम ने उपखंड-II क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में औचक निरीक्षण करते हुए कई स्थानों पर बड़ी संख्या में बिजली चोरी के मामले पकड़े।
विशेष अभियान के दौरान विभागीय टीम ने अहबाबनगर, मैदानियान, घोसियान आदि इलाकों में अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार चालान और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। साथ ही, लंबे समय से अपने विद्युत बिल जमा न करने वाले बकायेदारों के कनेक्शनों को काटकर विभाग ने बकाया वसूली के प्रति अपनी सख्ती का संकेत दिया।
अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने कहा कि बिजली चोरी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे ईमानदार उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ता है। उन्होंने जनता से समय पर बिल जमा करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचने की अपील की है। विभाग ने साफ़ किया कि ऐसे औचक निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।









