मंडलायुक्त मैदान में उतरे: बैडमिंटन खेलकर बढ़ाया हौसला, ताइक्वांडो पदक विजेताओं को किया सम्मानित
राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) बागेश्वर। मंडलायुक्त दीपक रावत अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान खेल और खिलाड़ियों के प्रति विशेष उत्साह के साथ नजर आए। भ्रमण के क्रम में वे स्थानीय इंडोर स्टेडियम पहुँचे, जहाँ उन्होंने खेल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और स्वयं मैदान में उतरकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
स्टेडियम पहुँचते ही मंडलायुक्त ने बैडमिंटन रैकेट उठाकर नन्हे खिलाड़ियों के साथ खेला। आयुक्त को अपने बीच एक खिलाड़ी के रूप में पाकर बच्चे अत्यंत उत्साहित दिखे। खेल के उपरांत उन्होंने खिलाड़ियों से सीधा संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल में आगे बढ़ने के लिए यदि किसी विशेष सुविधा की आवश्यकता हो तो वे निसंकोच अवगत कराएं।
संवाद के दौरान खिलाड़ियों ने स्टेडियम में बालिकाओं के लिए पृथक चेंजिंग रूम निर्माण तथा बैडमिंटन कोर्ट की मरम्मत की मांग रखी। मंडलायुक्त ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि चेंजिंग रूम निर्माण एवं कोर्ट मरम्मत का कार्य शीघ्र कराया जाएगा।
भ्रमण के दूसरे दिन प्रातः ताइक्वांडो में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों ने मंडलायुक्त से भेंट की। उन्होंने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से वे खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त करें तथा जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। इस दौरान जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े भी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी गुंजन बाला, तहसीलदार ऋतु गोस्वामी, कोच कमलेश तिवारी, गोकुल खेतवाल सहित खिलाड़ी उपस्थित रहे।









