हरिद्वार

डीएम मयूर दीक्षित ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण से पूर्व देशभक्ति गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आजादी के 80वें वर्ष में हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन अपनी समस्याओं एवं कार्यों के समाधान के लिए कार्यालय पहुंचे तो संबंधित अधिकारी और पटल सहायक बिना किसी भेदभाव या स्वार्थ के तत्परता से उनकी समस्याओं का निस्तारण करें, ताकि उन्हें एक ही कार्य के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों तथा राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जितेंद्र रघुवंशी, भारत भूषण विद्यालंकार, वीरेंद्र गहलोत, अर्जुन सिंह राणा, आशिक कुमार चौहान, कृष्ण गोपाल पंत, सुनीता त्रिपाठी, सरिता नेगी पंवार (सेवानिवृत्त विंग कमांडर) तथा राज्य आंदोलनकारी हयात सिंह रावत और जसवंत सिंह बिष्ट को सम्मानित किया गया। कांवड़ मेले में साहसिक रेस्क्यू के लिए सूबेदार कुलविंदर सिंह सम्मानित कांवड़ मेले के दौरान गंगा के तेज बहाव में फंसे श्रद्धालुओं का सफल रेस्क्यू कर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप सेंटर के ग्रुप लीडर सूबेदार कुलविंदर सिंह को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उनके साहस, तत्परता और मानवीय सेवा की सराहना की गई। छात्राओं ने प्रस्तुत किए देशभक्ति गीत समारोह में आनंदमयी सेवा सदन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपित किया। इस दौरान आपदा प्रबंधन विभाग एवं एकुम्स कंपनी के सहयोग से अधिकारियों और कर्मचारियों ने चंदन एवं गुलमोहर के 100 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। इससे पूर्व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कैंप कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन ने किया। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, एनडीआरएफ एवं पुलिस के जवान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उनके परिजन, राज्य आंदोलनकारी तथा कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी और छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button