बागेश्वर

मादक द्रव्यों के दुरुपयोग पर सख्ती, औषधि निरीक्षक पूजा रानी की जागरूकता पहल

रजत चौहान प्रधान सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) बागेश्वर। जनपद बागेश्वर में बच्चों एवं युवाओं को मादक द्रव्यों, प्रिकर्सर केमिकल्स तथा नशीली औषधियों के बढ़ते दुरुपयोग से बचाने के उद्देश्य से औषधि निरीक्षक पूजा रानी द्वारा एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्य, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा मेडिकल स्टोर स्वामी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में मादक द्रव्यों एवं प्रिकर्सर केमिकल्स के दुरुपयोग की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर सभी संबंधित पक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा। औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने स्पष्ट किया कि बागेश्वर जनपद में वर्तमान में कोई भी औषधि निर्माण इकाई स्थापित नहीं है तथा प्रिकर्सर केमिकल्स का उपयोग मुख्य रूप से नारकोटिक एवं साइकोट्रॉपिक औषधियों के निर्माण में किया जाता है, जिनके उत्पादन, संग्रहण एवं विक्रय पर नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो द्वारा कड़ा नियंत्रण रखा जाता है। उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टोर स्वामियों द्वारा प्रिकर्सर केमिकल्स का कोई विक्रय नहीं किया जाता है तथा जनपद बागेश्वर में इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि की कोई सूचना वर्तमान में संज्ञान में नहीं है। इसके बावजूद सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि यदि प्रिकर्सर केमिकल्स या किसी भी मादक पदार्थ के अवैध प्रयोग से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल औषधि प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को अवगत कराया जाए।
बैठक के दौरान कोडीन युक्त कफ सिरप एवं अन्य मस्तिष्क पर प्रभाव डालने वाली औषधियों के क्रय-विक्रय को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। औषधि निरीक्षक ने सभी मेडिकल स्टोर स्वामियों से नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button