हरिद्वार जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला की सख्ती का असर
तड़के छापेमारी में 45 पेटी अंग्रेजी शराब पकड़ी, तस्करी नेटवर्क पर बड़ा वार

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल निर्देशन में जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चल रही मुहिम को उस वक्त बड़ी सफलता मिली, जब हरिद्वार जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला के नेतृत्व में तड़के एक सटीक और योजनाबद्ध कार्रवाई को अंजाम दिया गया। चमगादड़ टापू क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान टीम ने एक कार से 45 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर तस्करी के बड़े खेल का पर्दाफाश किया। इस पूरी कार्रवाई की खास बात यह रही कि हरिद्वार जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला ने गुप्त सूचना को बेहद गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम का गठन किया और मौके पर पहुंचकर खुद मोर्चा संभाला। उनकी रणनीति और सतर्कता के चलते संदिग्ध वाहन को घेरकर पकड़ा गया, जिससे भारी मात्रा में “For Sale in Haryana Only” अंकित शराब बरामद हुई। बिंजोला की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई में दो आरोपियों—अक्षय (सोनीपत, हरियाणा) और गीतिका (प्रहलादपुर, दिल्ली) को मौके से गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हरिद्वार जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के खिलाफ उनकी टीम पूरी तरह सतर्क है और किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है, पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। बिंजोला की सख्त कार्यशैली और तेज़ एक्शन से अब जनपद में अवैध शराब तस्करों के लिए कोई जगह नहीं बची है।









