हरिद्वार

कोर्ट में फर्जी जमानत का खेल बेनकाब, 4 पेशेवर जमानती गिरफ्तार

दूसरों को जमानत दिलाने वाले अब खुद कानून के शिकंजे में

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। जिला एवं सत्र न्यायालय हरिद्वार में फर्जी जमानत का बड़ा खेल उजागर होने पर पुलिस ने चार पेशेवर जमानतियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। थाना सिडकुल में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। मामला उस समय सामने आया जब रोशनाबाद स्थित सीजेएम न्यायालय में सरकार बनाम रोशन लाल प्रकरण की सुनवाई के दौरान चार व्यक्ति अलग-अलग अभियुक्तों की जमानत लेने के लिए पेश हुए। न्यायालय में संदेह होने पर उनके दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कराई गई। जांच में खुलासा हुआ कि जमानत देने पहुंचे सभी व्यक्ति पेशेवर जमानती हैं, जो विभिन्न मामलों में एक ही समय पर अलग-अलग न्यायालयों में जमानत लेते रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने शपथपत्र में पूर्व में ली गई जमानतों की जानकारी भी छिपाई, जो न्यायालय को गुमराह करने का प्रयास माना गया। इस मामले में कमलेश, उज्ज्वल सिंह और नरेश समेत अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के साथ किसी भी प्रकार का छल या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button