पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात जितेंद्र कुमार मेहरा को पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के पद पर स्थानांतरण विदाई
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात के पद पर तैनात रहे जितेंद्र कुमार मेहरा के जनपद बागेश्वर में पुलिस अधीक्षक, बागेश्वर के पद पर स्थानांतरण होने पर आज हरिद्वार पुलिस परिवार द्वारा भावभीनी विदाई दी गई।
विदाई समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने आईपीएस मेहरा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा विभिन्न अभियानों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई। उन्होंने सदैव टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अधीनस्थों का मार्गदर्शन किया और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
आईपीएस मेहरा ने अपने संबोधन में हरिद्वार पुलिस परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद हरिद्वार में मिला सहयोग और अनुभव उनके लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने सभी को कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहने का संदेश दिया।
हरिद्वार पुलिस परिवार ने उनके सफल कार्यकाल के लिए धन्यवाद करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।









