
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। गोवर्धनपुर वन चौकी क्षेत्र के खानपुर में सरकारी भूमि पर खड़े पेड़ों को वन विभाग के कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से काटे जाने का आरोप लगा है।
स्थानीय किसानों और शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सरकारी भूमि पर खड़े करीब आठ पेड़ों को वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा काट दिया गया। इनमें सात यूकेलिप्टस और एक सिरस का पेड़ शामिल है।

आरोप है कि पेड़ काटने के बाद वन विभाग के कर्मचारी लकड़ी को ट्रैक्टर में भरकर अपने साथ ले गए। मामले की जानकारी मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि मौके पर सात यूकेलिप्टस और एक सिरस के पेड़ कटे हुए पाए गए हैं। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि गोवर्धनपुर वन चौकी क्षेत्र में यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वन विभाग के कर्मचारियों पर खैर और शीशम जैसे हरे-भरे पेड़ों के अवैध कटान के आरोप लग चुके हैं। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
इस घटना ने एक बार फिर वन विभाग की कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि विभाग दोषियों पर वास्तव में कार्रवाई करता है या फिर वर्दी की आड़ में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।









